Header Ads

ad

Birth Time Changes The Nature of Native

जन्‍म समय के आधार पर जातक के स्‍वाभाव का चित्रण: 

ग्रहराज सूर्य की गति में एकरूपता होने से यह प्रतिदिन एक अंश चलते हैं और तीस दिन में राशि परिवर्तन कर लेते हैं। व्‍यक्ति के जन्‍म के समयानुसार कुंडली में सूर्य का ही आधार माना जाता है। हालांकि कुंडली में अन्‍य ग्रहों की भी भूमिका होती है। पर सूर्य का महत्व सबसे अधिक होता है। इसलिए जन्‍म के समय के आधार पर जातक के स्‍वाभाव का चित्रण भी किया जा सकता है। 

जिन जातकों का जन्‍म समय प्रातः 6 बजे से 8 बजे के बीच होता है, वे स्‍वभाव से थोड़े क्रोधी होते हैं। पर ये साहसी,स्वाभिमानी और कुशाग्र बुद्धि के भी होते हैं। 

जिन जातकों का जन्म समय सुबह 8 बजे से 10 बजे तक होता है, वे आलसी प्रकृति के माने जाते हैं। ये खर्चीले भी होते हैं और जन्म स्‍थान से दूर ही इनका भाग्य चमकता है। जीवन में पिता पक्ष से ये आहत हो सकते हैं। 

ऐसे जातक जिनका जन्म सुबह 10 बजे से 12 बजे की अवधि के बीच हुआ हो, वे चंचल प्रकृति के होते हैं। ऐसे जातक संगीतप्रेमी, धनी, बुद्धिमान और उच्‍चाधिकारी भी बनते हैं। राज पक्ष से इनका सम्‍मान भी होता है। ये जीवन में संपत्ति का सुख भी पाते हैं। 

जिन जातकों का जन्‍म दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होता है, वे स्वाभिमानी प्रकृति के होते हैं। ये बुद्धिमान, सफल व्यवसायी भी होते हैं। ऐसे जातकों को नौकरी में उच्च पद मिलता है। इनका भाग्योदय तीस वर्ष की आयु में होता है। 

जिनका जन्म दोपहर 2 बजे से शाम के 4 बजे की अवधि में होता है, वे दीर्घायु होते हैं। सत्यवादी होने की वजह से ये लोग मित्र एवं परिजनों से कष्ट पाते हैं। ऐसे जातक दूसरे के धर्मों में भी आस्था रखते हैं ज्योतिष में भी इनकी रुचि होती है। ये सूझबूझ से कार्य करना पसंद करते हैं। 

ऐसे जातक जिनका जन्म शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच होता है, वे वाचाल होते हैं। 25 वर्ष की उम्र के बाद इन्हें सभी कार्यों में सफलता मिलती है। 

ऐसे जातक जिनका जन्म शाम के 6 बजे से 8 बजे की अवधि के बीच होता है, वे पतले और मध्यम कद के होते हैं। इन्हें साझेदारी से लाभ होता है और विदेश में इनका भाग्योदय होता है। 

रात के 8 बजे से 10 बजे की अवधि के बीच जन्मे जातकों को धन और विद्या दोनों का सुख प्राप्त होता है। ये स्वाभिमानी और शत्रुओं को परास्त करने वाले होते हैं। इनका गृहस्थ जीवन सुखी होता है। इन्हें ननिहाल पक्ष से ज्यादा लाभ होता है। 

जिन जातकों का जन्म रात के 10 बजे से 12 बजे की अवधि के बीच होता है, वे बुद्धिमान होते हैं और बुद्धि से ही अपना काम साधते हैं। 

रात के 12 बजे से 2 बजे की अवधि के बीच जन्मे जातक का भाग्योदय 22 से 32 वर्ष के बीच होता है। ये अपने जन्म स्थान से दूर भविष्य बनाते हैं। 

जिन जातकों का जन्म रात के 2 बजे से प्रातः 4 बजे के बीच होता है, वे पराक्रमी, मधुरभाषी और तेजस्वी होते हैं। ऐसे जातक उद्यमी भी होते हैं और मित्रों की सहायता भी करते हैं। 

प्रातः 4 से 6 बजे के बीच जन्मे जातक क्रोधी होने के बावजूद शत्रुओं को मित्र बनाने की कला में माहिर होते हैं।

No comments

अगर आप अपनी समस्या की शीघ्र समाधान चाहते हैं तो ईमेल ही करें!!